झांसी से आए गुटखा पाउच के 10 बोरे जब्त

Share it:
भोपाल. प्रदेश में गुटखे पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद राजधानी में इसकी बिक्री धड़ल्ले से जारी है। दूसरे राज्यों से गुटखा मंगाकर शहर के छोटे व बड़े दुकानों पर सप्लाई जारी है। लेकिन, खाद्य अमले को दुकानों पर गुटखा पाउच नहीं दिखता। शुक्रवार को भी राजश्री गुटखा पाउच की एक खेप पकड़ी गई। कोतवाली पुलिस ने कबाड़ खाना में खड़े एक लोडिंग ऑटो से दस बोरे गुटखे पकड़े। इसकी सप्लाई झांसी से हुई थी। पुलिस की सूचना पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने इसे जब्त किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) अरुणोश पटेल ने बताया कि झांसी से आने वाली एक ट्रेन से 10 बोरे (1 लाख 12 हजार 320 पाउच) गुटखा आया था, जो सुबह के वक्त लोडिंग ऑटो में कबाड़ खाने के लिए लोड कराया गया था। उन्होंने बताया कि गुटखा व्यापारी ने ऑटो ड्राइवर मोहम्मद अजहर को गुटखा कबाड़ खाना में पहुंचाने का सौदा 2 सौ रुपए में किया था। गुटखा व्यापारी का पता पूछने पर सप्लायर ने साथ चलने की बात कही थी। बकौल एफएसओ पटेल कबाड़ खाना चौराहे पर जब पुलिस ऑटो ड्राइवर से पूछताछ कर रहे थी, उसी समय सप्लायर मौका देखकर भाग निकला। इसके चलते झांसी से गुटखा मंगाने वाले व्यापारी का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि जब्त गुटखा का बाजार मूल्य 1 लाख 12 हजार 3 सौ 20 रुपए है।
जलाया जाएगा गुटखा
एफएसओ बीएस धाकड़ ने बताया कि शुक्रवार को जब्त किए गए 1 लाख रुपए से ज्यादा कीमत के गुटखे को अगले सप्ताह जलाया जाएगा। अगले तीन दिन में झांसी से गुटखा मंगाने वाले व्यापारी का पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी ऑटो ड्राइवर के खिलाफ प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ की सप्लाई करने का मामला दर्ज किया है। गुटखा व्यापारी की पहचान होने पर संबंधित के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एफएसओ अमले को दुकानों पर बिक रहे गुटखा पाउच क्यों नहीं दिखते? इस पर कारण बताओ नोटिस जारी करेंगे। इसके अलावा गुटखा की बिक्री रोकने के लिए शनिवार से विशेष अभियान चलाएंगे।
- डॉ. पंकज शुक्ला,सीएमएचओ एवं डेजिगनेटेड ऑफिसर, खाद्य सुरक्षा एवं मानक निर्धारण प्राधिकरण, भोपाल
अमले को दुकानों पर नहीं मिलते
राजधानी में राजश्री, काका, गुरु सहित कई अन्य प्रकार के जर्दा गुटखों की बिक्री खुलेआम हो रही है। बावजूद इसके खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) को इन दुकानों पर बिक रहे गुटखा पाउच निरीक्षण के दौरान नहीं मिल रहे हैं। इससे एफएसओ अमले की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
झांसी और ललितपुर से आ रहा
खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक भोपाल में गुटखे की सप्लाई झांसी और ललितपुर से हो रही हैं। गुटखा व्यापारी ट्रक, बस और ट्रेन से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में गुटखा लेकर आते हैं। प्रदेश में गुटखा के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध होने के कारण व्यापारी एडवांस में गुटखा की बुकिंग कर रहे हैं।
कब-कब पकड़ा गया गुटखा
1 अप्रैल : 8 शिकायतें भोपाल की थीं। अलग-अलग दुकानों से 11 हजार गुटखा पाउच जब्त किए गए।
4 अप्रैल : जवाहर चौक स्थित चौरसिया पान भंडार, नीलकंठ पान कॉर्नर से साढ़े 7 हजार पाउच जब्त।
21 मई : छोला रोड स्थित शिव किराना स्टोर का निरीक्षण कर तीन हजार गुटखे के पाउच जब्त किए।
30 मई : शुभम् माउथ फ्रेशनर से गुटखा जब्त किया गया।
28 जून : मंगलवारा क्षेत्र के 3 व्यापारियों के यहां से गुटखे के नमूने लिए गए।
10 जुलाई : छोला दशहरा मैदान के पीछे नवजीवन कॉलोनी में 5 लाख रुपए का गुटखा पकड़ा
15 जुलाई : बुधवारा क्षेत्र के ३ दुकानों से गुटखा पकड़ा।
8 अगस्त : कोतवाली पुलिस ने झांसी से आया 2 लाख रुपए का गुटखा पकड़ा।
Share it:

भोपाल

स्थानीय

Post A Comment: