मप्र के नए मुख्य सचिव अंटोनी डिसा होंगे चौहान ने दी सहमति

Share it:
भोपाल। मप्र के नए मुख्य सचिव अंटोनी डिसा होंगे। वर्तमान में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में अपर मुख्य सचिव डिसा के नाम पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसी के साथ चौहान ने परशुराम का पुनर्वास राज्य निर्वाचन आयोग में करने को भी हरी झंडी दे दी है।
दोनों आदेश अगले सप्ताह तक जारी होने की संभावना है, क्योंकि सरकार चाहती है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा होने से पहले नया मुख्य सचिव तय हो जाए। इसलिए अपना कार्यकाल (30 सितंबर 13) पूरा करने से पहले ही परशुराम के पद छोड़ने पर डिसा 29वें मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण कर लेंगे।
मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि मुख्य सचिव बनने की दौड़ में डिसा के साथ अपर मुख्य सचिव गृह आई एस दाणी का नाम राजनीतिक व प्रशासनिक हलकों में पिछले कई दिनों से चल रहा था, लेकिन मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कमान डिसा को सौंपने का मन बनाया है।अंटोनी डिसा होंगे मप्र के नए मुख्य सचिव, शिवराज सिंह चौहान ने दी सहमति
डिसा के पक्ष में फैसला होने की मुख्य वजह प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ गेहूं उपार्जन होने में डिसा की नेतृत्व क्षमता और बेहतर कार्यप्रणाली है। उनके कार्यकाल में परिवहन व्यवस्था में भी काफी सुधार हुआ है और राज्य में केंद्र से पहले खाद्य सुरक्षा कानून लागू हुआ। 
दाणी और डिसा दोनों ही 1980 बैच के अफसर हैं। वरिष्ठता सूची के हिसाब से दाणी, डिसा से सीनियर हैं। इसलिए प्रशासनिक परंपरा के अनुसार डिसा के मुख्य सचिव बनने के बाद दाणी की पदस्थापना मंत्रालय के बाहर की जाएगी। इधर, राज्य निर्वाचन आयोग के अध्यक्ष अजीत रायजादा का कार्यकाल 17 सितंबर को पूरा हो रहा है। यह कुर्सी लगभग साढ़े पांच साल के लिए परशुराम को सौंपी जा सकती है।
तीन साल सीएस रह सकते हैं डिसा
डिसा का कार्यकाल 30 अक्टूबर 2016 तक है। ऐसे में वे तीन साल तक मुख्य सचिव रह सकते हैं। डिसा सहकारिता, नगरीय प्रशासन व विकास सहित कई महत्वपूर्ण विभागों में रह चुके हैं। वे प्रतिनियुक्ति पर केंद्र में वाणिज्यिक एवं उद्योग, वन एवं पर्यावरण और परमाणु ऊर्जा जैसे विभागों में पदस्थ रहे। 
एसीएस बनेंगे मोहंती व बिरदी
सूत्रों ने बताया कि प्रशासन अकादमी की महानिदेशक 1977 बैच की आईएएस अफसर आभा अस्थाना भी इसी माह रिटायर हो रही हैं। ऐसे में परशुराम और अस्थाना के जाने के बाद मुख्य सचिव वेतनमान के दो पद रिक्त हो जाएंगे। संभावना है कि इन रिक्त पदों पर योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के प्रमुख सचिव एसआर मोहंती और  माध्यमिक शिक्षा मंडल के अध्यक्ष देवराज बिरदी को पदोन्नति दी जा सकती है।
Share it:

अपना MP

Post A Comment: